भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास रच दिया है. आईसीसी विमेंस वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में साउथ अफ्रीका को हराकर पहली बार ये खिताब भारतीय बेटियों ने अपने नाम किया है. 52 साल के वर्ल्ड कप इतिहास में तीसरी बार भारतीय महिला टीम ने वर्ल्ड कप फाइनल में प्रवेश किया था. और आखिरकार इस बार हरमन ब्रिगेड ने ट्रॉफी अपने नाम कर ली.
भारतीय महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका के सामने 299 रनों का लक्ष्य रखा था. शेफाली और दीप्ति ने फिफ्टी जड़ी थी. लेकिन इसके जवाब में उतरी साउथ अफ्रीकी टीम 246 पर सिमट गई. भारत ने 52 रनों से ये मुकाबला अपने नाम कर लिया.
ये खिताबी मैच डीवाई पाटिल स्टेडियम में हुआ. पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने शेफाली के 87 और दीप्ति के 58 रनों के दम पर 298 रन बनाए थे. लेकिन साउथ अफ्रीका की टीम इसे चेज नहीं कर सकी.
टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की बेटियों को बधाई दी है. उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया और ये जीत आने वाली पीढ़ियों को खेल में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी.
पीएम मोदी ने लिखा, ‘आईसीसी महिला विश्व कप 2025 फाइनल में भारतीय टीम की शानदार जीत. फाइनल में बेहतरीन स्किल और भरपूर आत्मविश्वास दिखा. पूरी टीम ने दोगुनी मेहनत और जज्बा दिखाया. यह ऐतिहासिक जीत भविष्य के चैम्पियंस को प्रेरणा देगी. हमारी खिलाड़ियों को बधाई.’
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी टीम इंडिया को बधाई देते हुए लिखा, ‘आज पूरा देश हमारी महिला टीम पर गर्व महसूस कर रहा है, जिन्होंने वर्ल्ड कप फाइनल में यह कमाल किया है. उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में जिस जज़्बे और दबदबे के साथ खेला, वह आने वाली पीढ़ियों की लाखों लड़कियों के लिए प्रेरणा बनेगा. आपने साबित कर दिया कि आप दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीम हैं और आपने हमें कई शानदार पल दिए. आप हमारी हीरो हैं. आपके लिए आगे भी और बड़ी जीतें इंतजार कर रही हैं. हम हमेशा आपके साथ हैं.’
