तहसील सदर में आयोजित हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस, 56 शिकायतों में 03 का मौके पर निस्तारण, शेष पर कार्रवाई के निर्देश
मुरादाबाद। जिलाधिकारी अनुज सिंह की अध्यक्षता में तहसील सदर के सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान राजस्व, पैमाईश, राशन वितरण, विद्युत, अतिक्रमण सहित विभिन्न प्रकार के 56 शिकायती पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 03 शिकायतों का मौके पर निस्तारण सुनिश्चित कराया गया और शेष शिकायतों का समयबद्ध तरीके से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए।

भूमि विवाद के मामलों पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि राजस्व टीम मौके पर पहुंचकर राजस्व अभिलेखों के अनुरूप पैमाइश करके विवाद का समाधान कराएं।भूमि विवाद के मामलों के समाधान को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

राशन वितरण के अंतर्गत राशन कार्ड में नई यूनिट जोड़ने, नवीन राशन कार्ड जारी करने अथवा राशन कार्ड निरस्तीकरण के दौरान विभागीय नियमों तथा खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत निहित प्रावधानों का गंभीरता पूर्वक अनुपालन होना चाहिए। विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित रोस्टर के अनुरूप विद्युत आपूर्ति होनी चाहिए साथ ही विद्युत बिलों में अनियमितता के मामलों में भी किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

संपूर्ण समाधान दिवस के उपरांत जिलाधिकारी में तहसील परिसर में भूलेख कक्ष के नवीनीकरण कार्य का भी जायजा लिया तथा तहसील प्रशासन द्वारा कराए गए कार्य की सराहना की।
