दिल्ली के द्वारका और प्रशांत विहार स्थित दो CRPF स्कूलों को मंगलवार को ईमेल के जरिए बम की धमकी मिली. इसके साथ ही साकेत कोर्ट और रोहिणी कोर्ट में भी धमकी संदेश भेजे गए. सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने सभी लोकेशनों पर तुरंत पहुंचकर जांच की, लेकिन कहीं से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई. सूत्रों के मुताबिक यह ईमेल जैश-ए-मोहम्मद आतंकी संगठन के नाम से भेजा गया था, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे शहर में सतर्कता बढ़ा दी.
दिल्ली में मंगलवार को सुरक्षा एजेंसियों को उस समय अलर्ट पर आना पड़ा, जब एक दिन में दो CRPF स्कूलों और दो अदालत परिसरों को बम धमकी मिलने की सूचना सामने आई. धमकी भरा ईमेल द्वारका स्थित CRPF पब्लिक स्कूल और प्रशांत विहार स्थित CRPF स्कूल को भेजा गया था. इसी ईमेल में साकेत कोर्ट और रोहिणी कोर्ट को निशाना बनाए जाने का दावा भी किया गया था.
सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, CRPF अधिकारियों, बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमें मौके पर पहुंचीं. स्कूलों को एहतियातन खाली कराया गया और परिसर की सघन तलाशी ली गई. पुलिस ने बताया कि दोनों स्कूलों की विस्तृत जांच के दौरान किसी तरह की विस्फोटक सामग्री नहीं मिली.
इधर न्यायालय परिसरों से भी तलाशी अभियान चलाया गया. साकेत कोर्ट, रोहिणी कोर्ट और पटियाला कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही कड़ी थी, धमकी मिलने के बाद पुलिस ने चेकिंग और एरिया डोमिनेशन बढ़ा दिया. दोनों स्थानों की तलाशी के बाद भी कोई संदिग्ध सामग्री नहीं पाई गई.
