मुरादाबाद। जिलाधिकारी अनुज सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में कर- करेत्तर एवं राजस्व संग्रह की मासिक समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
बैठक में अधिशासी अभियंता सिंचाई और अधिशासी अभियंता नलकूप द्वारा स्वयं प्रतिभाग़ न करके अपने अधीनस्थ अधिकारी को बैठक में भेजे जाने पर जिलाधिकारी ने सख्त नाराजगी जताते हुए अधिशासी अभियंता सिंचाई और अधिशासी अभियंता नलकूप का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण नोटिस जारी करने के लिए अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि विभागीय कार्यों में लापरवाही और समीक्षा बैठकों में बिना पूर्व सूचना के गैर हाजिर रहने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई होगी।

समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्टांप, जीएसटी, मंडी, बाट माप, श्रम, परिवहन, एवं गन्ना सहित विभिन्न विभागों द्वारा किए गए कर संग्रह/ कार्रवाई की प्रगति को लेकर विस्तार पूर्वक समीक्षा की। उन्होंने एआईजी स्टांप से स्टांप शुल्क के रूप में कर संग्रह के बारे में जानकारी ली साथ ही जीएसटी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे विभागीय नियमों का पालन कराने और ओवरलोडिंग के विरुद्ध कार्रवाई के लिए सघन चेकिंग अभियान को प्रभावी बनाएं।

बाट माप विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारी को विगत एक माह में निरीक्षण के दौरान की गई कार्रवाई से संबंधित रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए साथ ही सहायक श्रमायुक्त को निर्देशित किया कि श्रम विभाग के अंतर्गत निर्धारित नियमों और शर्तों का अनुपालन सुनिश्चित कराने के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि किसी भी व्यक्ति का शोषण नहीं होना चाहिए। परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि डग्गामार वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहनी चाहिए साथ ही बार-बार परिवहन नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले डग्गामार वाहनों का परमिट निरस्त करने की भी कार्रवाई की जाए। एआरटीओ ने बताया कि विगत माह में 158 डग्गामार वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।

गन्ना विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट तौर पर निर्देश दिए की गन्ना की तौल के लिए बनाए गए केंद्रों का निरीक्षण कर लिया जाए साथ ही यह सुनिश्चित कराएं कि वहां किसानों सुविधा और सुरक्षा के दृष्टिगत सभी जरूरी संसाधनों की अनिवार्य रूप से उपलब्धता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, यह सुनिश्चित करना संबंधित विभागीय अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ममता मालवीय, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संगीता गौतम, अपर जिलाधिकारी नगर ज्योति सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी गण मौजूद रहे।
