पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में शुक्रवार की सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए. भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.5 मापी गई है. इसका केंद्र पड़ोसी देश बांग्लादेश के टुंगी में था. भूकंप के झटकों से दहशत में आए लोग अपने घरों से बाहर निकल आए. झटके 10 बजकर 10 मिनट पर महसूस किए गए.
यूरोपियन-मेडिटेरेनियन सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक भूकंप का केंद्र बांग्लादेश के टुंगी से 27 किलोमीटर पूर्व में था. इसकी गहराई 10 किलोमीटर बताई जा रही है. यह झटके कोलकाता के साथ ही आसपास के जिलों और उत्तर बंगाल में भी महसूस किए गए. कूचबिहार, दिनाजपुर में भी भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए.
हालांकि, पूरे राज्य में कहीं से भी इस भूकंप के कारण किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है. इससे पहले, सुबह तड़के पाकिस्तान में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए. सुबह 3 बजकर 9 मिनट पर आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.2 मापी गई. इस भूकंप का केंद्र पाकिस्तान में करीब 135 किलोमीटर गहराई में था.
