मुरादाबाद। जिलाधिकारी अनुज सिंह ने कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जनपद-मुरादाबाद एवं बाह्य जनपदों की ऐसी चीनी मिलें जिनके द्वारा जनपद-मुरादाबाद से गन्ना खरीद की जाती है, उनके यूनिट हेड/अध्यासियों, जिला गन्ना अधिकारी, मुरादाबाद एवं सहायक चीनी आयुक्त, के साथ सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था, निर्बाध गन्ना खरीद तथा पेराई सत्र 2024-25 के अवशेष गन्ना मूल्य भुगतान के सम्बन्ध में समीक्षा बैठक की गई।

जिलाधिकारी द्वारा कृषक संगठनों तथा जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गयी गन्ना कृषकों से सम्बन्धित समस्याओं से अवगत कराते हुए गन्ना कृषकों की समस्याओं का त्वरित समाधान किये जाने हेतु निर्देशित किया गया। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि चीनी मिलों द्वारा प्रतिदिन प्रत्येक गन्ना क्रय केन्द्र पर प्रातः 08 बजे से सायं 05 बजे तक गन्ना खरीद का कार्य कराया जाये तथा क्रय केन्द्रों पर तौल लिपिक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहे।
घटतौली को शिकायतों के निराकरण हेतु क्रय केन्द्रों पर मानक अनुरूप 05 कुन्तल के बाॅट रखे जाये तथा प्रतिदिन गन्ना क्रय केन्द्र से गन्ना उठान किया जाये, ताकि गन्ने का प्लाॅट से उठान न होने पर आगामी दिवस में तौल कार्य प्रभावित न हो सके। गन्ना क्रय केन्द्रों पर घटतौली आदि की शिकायतें प्राप्त न हो, जिसके लिए गन्ना निरीक्षक एवं सहायक चीनी आयुक्त, मुरादाबाद को लगातार निरीक्षण करने तथा इस प्रकार की कोई शिकायत प्राप्त होने पर चीनी मिल प्रबंधन के विरूद्ध नियमानुसार दण्डात्मक कार्यवाही किये जाने हेतु निर्देशित किया।

जिलाधिकारी ने गन्ना ढुलाई में प्रयुक्त वाहनों में ओवरहाईट न किये जाने तथा इस सम्बन्ध में गन्ना कृषकों को भी चीनी मिलों के स्तर से वाहनों की ऊंचाई के अनुसार गन्ना ढुलाई करने हेतु प्रेरित किये जाने तथा प्रत्येक गन्ना ढुलाई वाहन में रिफ्लेक्टर युक्त लाल रंग का कपड़ा जो चारो कोनो से बंधा हो, वाहन के पिछले हिस्से में प्रत्येक दशा में लगाये जाने हेतु निर्देशित किया गया, ताकि कोहरे के दौरान दूर से ही वाहन दिखाई दे। सर्दी के मौसम में बचाव हेतु कृषकों को मूलभूत सुविधा यथा अलाव, किसान विश्राम शेड तथा शौचालय की समुचित व्यवस्था करने तथा गन्ना वेरायटी से सम्बन्धित शिकायतों को तत्काल निस्तारित किये जाने हेतु निर्देशित किया गया।
उन्होंने पेराई सत्र 2024-25 के अवशेष गन्ना मूल्य भुगतान के सम्बन्ध में चीनी मिल बिलारी के महाप्रबंधक(गन्ना) को निर्देशित किया कि चीनी मिल प्रत्येक दशा में 01 सप्ताह के अन्दर पेराई सत्र 2024-25 का अवशेष गन्ना मूल्य भुगतान अनिवार्य रूप से कृषकों को किया जाना सुनिश्चित करेगी तथा अन्य चीनी मिलों के उपस्थित प्रतिनिधियों को पेराई सत्र 2025-26 का गन्ना मूल्य भुगतान प्रारम्भ किये जाने हेतु निर्देशित किया गया।

बैठक में जिला गन्ना अधिकारी राम किशन, सहायक चीनी आयुक्त सालोक पटेल, चीनी मिल अगवानपुर, बिलारी, बेलवाड़ा, रानीनांगल एवं वाह्य जनपदों की चीनी मिल असमौली, स्योहारा एवं मिलक नरायनपुर के महाप्रबंधक(गन्ना) उपस्थित रहे।
