मुरादाबाद। जिले में सफेद अंडों पर रंग चढ़ाकर उन्हें देसी अंडे का रूप दिया जा रहा था। खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़े स्तर पर छापामारी करते हुए करीब 4.5 लाख नकली देसी अंडे बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में कृत्रिम रंग, डिटर्जेंट और केमिकल्स बरामद किए हैं दरअसल बाजार में देसी अंडे का मूल्य सफेद अंडों से दुगना है, जिसके चलते सफेद अंडों को कृत्रिम कलर और पॉलिश से देसी अंडे जैसा रंग दिया जा रहा था।
सहायक आयुक्त खाद्य के निर्देशन में, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम के.के. यादव और प्रजन सिंह ने पुलिस बल के साथ काशीपुर रोड, रामपुर तिराहा, बरवाड़ा मजरा स्थित अल्लाह खां के अंडा गोदाम पर छापा मारा। टीम को जांच में पता चला कि सफेद अंडों को रंग कर देसी अंडों के रूप में बेचा जा रहा था। टीम ने पूरे गोदाम को सील कर प्रकरण में थाना कटघर में रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर दी है।
खाद्य विभाग ने चेतावनी जारी की है, कि मिलावट करो के खिलाफ लगातार अभियान जारी है, और जन स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले लोगों को कड़ी कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
