मुरादाबाद। नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस के अवसर पर शुक्रवार को नागरिक सुरक्षा कार्यालय में जिलाधिकारी/नियंत्रक नागरिक सुरक्षा अनुज सिंह की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह में जिलाधिकारी ने उपस्थित 51 जरूरतमंद व्यक्तियों को कम्बल वितरित किए।
कार्यक्रम के तहत रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसका उद्घाटन जिलाधिकारी अनुज सिंह ने फीता काटकर किया। शिविर में नागरिक सुरक्षा के 18 वार्डेन्स एवं स्वयं सेवकों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर सामाजिक दायित्व का परिचय दिया।

इस दौरान वर्ष 2025 में नागरिक सुरक्षा संगठन के कार्यों में निरंतर सक्रिय रहने वाले वार्डेन्स को जिलाधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि नागरिक सुरक्षा मुरादाबाद के वार्डेन्स हर अवसर पर पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग कर शहर की व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। त्योहारों एवं विशेष अवसरों पर उनकी तत्परता और सेवा उल्लेखनीय है।
जिलाधिकारी ने नागरिक सुरक्षा दिवस पर भारत सरकार से प्राप्त शुभकामना संदेशों का वाचन भी किया और संगठन के कार्यों की सराहना करते हुए सभी सदस्यों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में एडीएम सिटी सुश्री ज्योति सिंह, उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा नीरज चक, प्रभागीय वार्डेन मो. खालिद, सुरेन्द्र प्रकाश गुप्ता, उप प्रभागीय वार्डेन चक्रेश लोहिया, सेक्टर वार्डेन निमित जायसवाल सहित नागरिक सुरक्षा संगठन के अन्य वार्डेन्स एवं स्वयं सेवक उपस्थित रहे।
