देश के कई हिस्सों में सर्दी ने अब अपना असली रंग दिखाना शुरू कर दिया है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि आज, 9 दिसंबर से लेकर 12 दिसंबर तक दिल्ली-पंजाब-राजस्थान समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में शीतलहर चलेगी. ठंड के साथ-साथ सुबह के समय घना कोहरा भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकता है.
मध्य-पूर्वी और उत्तरी प्रायद्वीपीय भारत (मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, विदर्भ, तेलंगाना) में अभी 12 दिसंबर तक शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी.
– 10 दिसंबर से पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तरी राजस्थान में भी शीतलहर शुरू हो जाएगी.
मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के कुछ इलाकों में भी ठंडी हवाएं चलेंगी.
9 दिसंबर से 12 दिसंबर तक मध्य भारत, उससे सटे पूर्वी इलाके और उत्तर-पूर्वी प्रायद्वीपीय भारत (तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा आदि) में कोल्ड वेव यानी शीतलहर रहने की संभावना है. जबकि 10 दिसंबर से 12 दिसंबर तक उत्तर-पश्चिम भारत (पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान) और इससे सटे पश्चिमी भारत में ठंड का सितम जारी रहेगा.
मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि अगले तीन-चार दिनों में रात का तापमान 2 से 4 डिग्री तक और गिर सकता है. इससे दिन में भी ठंड का अहसास ज्यादा होगा. सुबह के समय पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में घना कोहरा छा सकता है. इससे यातायात प्रभावित होने की संभावना है.
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, दिल्ली में आज (मंगलवार), 9 दिसंबर को आसमान में आंशिक बादल रहेंगे. शाम के समय हल्की धुंध या कोहरा देखने को मिल सकता है. दिन का तापमान अधिकतम तापमान 23-25 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 8-10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा.
वहीं, अगले दो दिन में यानी 10-11 दिसंबर को न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट आ सकती है. 11 दिसंबर को रात का तापमान 6-7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है. जबकि 12 दिसंबर को शीतलहर पूरी तरह असर दिखाएगी. इस दौरान रात का तापमान 5-6 डिग्री तक जा सकता है. अगले तीन दिन सुबह के वक्त घना कोहरा रहने की संभावना है.
