मुरादाबाद। सोमवार रात मझोला थाना क्षेत्र के लाइनपार इलाके में चिड़िया टोला स्थित एक वाइन शॉप पर खड़े युवक पवन कुमार उर्फ प्रिंस चौहान निवासी रामेश्वर कॉलोनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने पहले उसके सीने में गोली चलाई और जब वह जमीन पर गिर पड़ा, तो पत्थर से उसका सिर कुचलकर मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को साईं अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। खबर फैलते ही अस्पताल में परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में जुट गए। हंगामे की स्थिति बनने पर अस्पताल कर्मचारियों ने गेट बंद कर दिए।

बाद में परिजन शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। मृतक की मां गुस्से में बस पर चढ़ गईं और चिल्लाने लगीं—
“गिरफ्तारी होने तक बस आगे नहीं जाएगी, अगर जाएगी तो मेरी लाश के ऊपर से।”
करीब 20 मिनट तक हाइवे पर एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने समझाकर जाम खुलवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

उधारी के पैसों को लेकर चल रहा था पुराना विवाद
स्थानीय लोगों के अनुसार भाईदूज के दिन उधारी के पैसों को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। उसी को लेकर कई बार मारपीट भी हुई। सोमवार रात आरोपी प्रशांत सैनी उर्फ वानर उर्फ बंदर, यश सैनी, अभि जाटव आदि वाइन शॉप के पास मौजूद थे। तभी प्रिंस अपने दोस्त मयंक गुर्जर के साथ वहां से गुजरा।

प्रिंस को देखते ही प्रशांत ने उसकी स्कूटी पर हाथ मारा, जिससे कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ा तो यश सैनी ने प्रिंस को पकड़ लिया और प्रशांत ने उसके सीने पर गोली चला दी। बाकी हमलावरों ने पत्थर से सिर कुचल दिया। प्रिंस की मौके पर मौत हो गई।
पुलिस की जांच और कार्रवाई
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह के मुताबिक दोनों ग्रुपों के बीच पहले भी झगड़े हो चुके हैं। हत्या में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 5 टीमें बना दी गई हैं। भीम सैनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
घटनास्थल और वाइन शॉप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फोरेंसिक टीम ने खून के नमूनों, मिट्टी और अन्य साक्ष्यों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। दुकान मालिक और सेल्समैन से भी पूछताछ की जा रही है।
