अनिल अंबानी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है. लंबे समय से उनके नेतृत्व वाला रिलायंस ग्रुप प्रवर्तन निदेशालय (ED) के राडार पर है. छापेमारी, संपत्ति कुर्क होने की कार्रवाई लगातार हो रही है. वहीं अब सीबीआई ने उनके बेटे जय अनमोल अंबानी समेत अन्य के खिलाफ एक क्रिमिनल केस फाइल किया है. केंद्रीय एजेंसी ने एक लिखित शिकायत को लेकर जांच करने के बाद ये केस फाइल किया है.
CBI ने जय अनमोल अनिल अंबानी के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग केस में मामला दर्ज किया है. उनके अलावा रिलायंस हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड के पूर्व सीईओ रवींद्र सुधालकर और उस समय के होल टाइम डायरेक्टर के खिलाफ ये क्रिमिनल केस फाइल किया है. ऐसा पहली बार है जबकि अनिल अंबानी के बेटे पर मामला दर्ज किया गया है. ये पूरी कार्रवाई कथित 228.06 करोड़ रुपये के बैंकिंग फ्रॉड केस में की गई है.
दरअसल, सीबीआई को एक लिखित शिकायत दी गई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि जय अनमोल अनिल अंबानी, रवींद्र सुधालकर और अन्य अज्ञात लोगों, अज्ञात सरकारी कर्मचारियों ने धोखाधड़ी और क्रिमिनल साजिश के तहत पैसों का हेरफेर किया है.
ऐसा माना जा रहा है कि सीबीआई द्वारा RHFL के दस्तावेजों, लोन अकाउंट और इंटरनल रिकॉर्ड की गहन जांच किए जाने की संभावना है. जांच आगे बढ़ने पर कंपनी के अधिकारियों और बैंक कर्मियों से और पूछताछ की जा सकती है. हालांकि, अभी तक अनिल अंबानी के रिलायंस ग्रुप ने अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक सार्वजनिक बयान जारी नहीं किया है.
