मुरादाबाद। जिलाधिकारी अनुज सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद की निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग डेटा अपडेशन पर विशेष ध्यान दें, क्योंकि उचित डेटा अपडेट से जनपद की रैंकिंग में सुधार होता है और जिले की स्थिति मजबूत बनी रहती है।
जिलाधिकारी ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सर्वोपरि रहे। किसी भी परियोजना को हैंडओवर करने से पहले सभी कार्य पूरी तरह दुरुस्त हों, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

धीमी प्रगति पर नाराजगी, एक हफ्ते में पेड़ कटाई पूरी करने के आदेश
यूपीसीएलडीएफ द्वारा राजकीय प्रक्षेत्र रौण्डा के सुदृढ़ीकरण कार्य में मात्र 53 प्रतिशत भौतिक प्रगति और पेड़ों की कटाई की धीमी गति पर जिलाधिकारी ने असंतोष जताया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि एक सप्ताह के भीतर पेड़ कटाई का कार्य पूरा किया जाए।
राजकीय पौधशाला फहेतउल्लागंज निर्माण परियोजना पर जिलाधिकारी ने बताया कि गुणवत्ता जांच के लिए एक टीम गठित की जाएगी।

धीमी निर्माण गति पर फटकार, गति बढ़ाने के निर्देश
ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में एकेडमिक ब्लॉक एवं छात्रावास भवन निर्माण की केवल 25 प्रतिशत प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उ.प्र. जल निगम ग्रामीण द्वारा रुस्तमनगर सहसपुर में सोलर पैनल एवं मिट्टी भराव कार्य लंबित रहने पर भी जिलाधिकारी ने जल्द कार्य पूर्ण करने के आदेश दिए।

75% प्रगति वाले कार्यों को जल्द पूर्ण करने का निर्देश
उ.प्र. राजकीय निर्माण निगम द्वारा गन्ना किसान संस्थान प्रशिक्षण केंद्र मुरादाबाद में प्रशासनिक भवन, छात्रावास, आवासीय भवन सहित अन्य निर्माण कार्यों की 75 प्रतिशत प्रगति पर जिलाधिकारी ने कार्य में और तेजी लाने और समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने निर्माण निगम को गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा।
सभी विभागों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य का आदेश
जिलाधिकारी ने जल निगम नगरीय, यूपी सिडको, सीएनडीएस, पर्यटन विकास निगम, राज्य सेतु निगम, लोक निर्माण विभाग, नलकूप विभाग, वक्फ विकास निगम, पैकफेड तथा अन्य कार्यदायी संस्थाओं की परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी, अपर नगर आयुक्त, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, अधिशासी अभियंता (विद्युत, जल निगम, लोक निर्माण), तथा संबंधित विभागों के अधिकारी व कार्यदायी संस्थाओं के प्रबंधक उपस्थित रहे।
