इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के लिए खिलाड़ियों की मिनी नीलामी अबू धाबी के एतिहाद एरीना में शुरू हो गई है. ऑक्शन में 369 खिलाड़ियों पर बोली लगनी है. जिसमें से कुल 77 प्लेयर्स का नाम फाइनल किया जाएगा. कैमरन ग्रीन को कोलकाता नाइट राइडर्स ने 25.20 करोड़ की मोटी रकम में खरीदा है. पृथ्वी शॉ और सरफराज खान अनसोल्ड रहे हैं.
इंग्लिश तेज गेंदबाज गस एटकिंसन पहले राउंड में अनसोल्ड रहे हैं. वहीं कीवी ऑलराउंडर रचिन रवींद्र को भी पहले चरण में कोई खरीदार नहीं मिला है. लियाम लिविंगस्टोन (इंग्लैंड) और वियान मुल्डर (साउथ अफ्रीका) भी पहले राउंड में नहीं बिके हैं.
बैटिंग ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 7 करोड़ रुपये में खरीदा है. वेंकटेश पिछले सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा थे. दीपक हुड्डा और केएस भरत को कोई खरीदार नहीं मिला.
साउथ अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक को मुंबई इंडियंस ने उनके बेस प्राइस 1 करोड़ रुपये में अपनी टीम से जोड़ा है. डिकॉक पहले भी मुंबई इंडियंस के लिए खेल चुके हैं. जेमी स्मिथ, जॉनी बेयरस्टो और रहमानुल्लाह गुरबाज अनसोल्ड रहे हैं. श्रीलंकाई ऑलराउंडर वानिंदु हसारंगा को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने 2 करोड़ रुपये में खरीदा है.
