विपक्ष का संसद परिसर में मार्च
नए ग्रामीण रोजगार बिल (VB-G-RAM-G) के खिलाफ गुरुवार को विपक्षी दलों ने संसद परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान विपक्ष के 50 से अधिक सांसदों ने मार्च में हिस्सा लिया और प्रस्तावित विधेयक को वापस लेने की मांग करते हुए नारेबाजी की।
लोकसभा में 14 घंटे चली मैराथन बहस
इससे पहले बुधवार को लोकसभा में VB-G-RAM-G बिल पर करीब 14 घंटे तक लंबी चर्चा हुई। सदन की कार्यवाही देर रात 1:35 बजे तक चली, जिसमें कुल 98 सांसदों ने भाग लेकर अपने-अपने विचार रखे।
ग्रामीण विकास मंत्री देंगे जवाब
ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान गुरुवार को सदन में इस बहस का जवाब देंगे। वहीं विपक्ष ने मांग की है कि प्रस्तावित कानून को पारित करने से पहले स्थायी समिति के पास भेजा जाए, ताकि इसके विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से विचार किया जा सके।
MGNREG एक्ट की जगह लेने की तैयारी
बताया जा रहा है कि यह नया विधेयक करीब 20 साल पुराने मनरेगा (MGNREG एक्ट) की जगह ले सकता है। इसे लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिल रही है।
प्रदूषण पर भी होगी चर्चा
लोकसभा में गुरुवार को प्रदूषण के मुद्दे पर भी चर्चा प्रस्तावित है। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी इस विषय पर चर्चा की शुरुआत कर सकती हैं, जबकि केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव शाम करीब 5 बजे सदन में सरकार का पक्ष रखेंगे।
