सदर थाना कोतवाली क्षेत्र के बुध बाजार चौकी अंतर्गत कोतवाल नगर में गुरुवार सुबह उस वक्त सियासी हलचल तेज हो गई, जब कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष विनोद गुंबर को भाजपा कार्यालय का घेराव करने से पहले ही पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया।
बाइक रैली की सूचना पर रात से तैनात रही पुलिस
बताया गया कि कांग्रेस द्वारा बुद्धि विहार स्थित भाजपा कार्यालय तक बाइक रैली निकालने की सूचना पुलिस को मिली थी। इसके बाद देर रात से ही पुलिस टीम विनोद गुंबर के आवास पर तैनात कर दी गई थी।

सुबह भारी पुलिस बल के साथ पहुंचा प्रशासन
सुबह होते ही सीओ कोतवाली सुनीता दहिया, एसीएम फर्स्ट, सदर थाना कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार सिंह और बुध बाजार चौकी इंचार्ज सुनीता चौधरी भारी पुलिस बल के साथ विनोद गुंबर के आवास पहुंचे और उन्हें बाहर निकलने से रोक दिया। पूरे इलाके में पुलिस की सख्त मौजूदगी देखने को मिली, जिससे स्थानीय लोगों में भी चर्चा का माहौल बना रहा।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष का आरोप—लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन
इस कार्रवाई पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनोद गुंबर ने कहा कि डबल इंजन की सरकार विपक्ष को दबाने का काम कर रही है। जैसे ही प्रशासन को पता चला कि कांग्रेस भाजपा कार्यालय का घेराव करने जा रही है, वैसे ही उनके घर को छावनी में तब्दील कर दिया गया।

मंदिर दर्शन के बाद रोके जाने का दावा
विनोद गुंबर ने बताया कि वह सुबह मंदिर दर्शन के लिए गए थे, लेकिन जब कार्यकर्ताओं के साथ शांतिपूर्ण तरीके से भाजपा कार्यालय की ओर बढ़ने की तैयारी की गई, तभी पुलिस ने उन्हें सड़क पर ही रोक दिया।
ईडी कार्रवाई को लेकर भी साधा निशाना
उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी के जरिए कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व को लगातार परेशान किया जा रहा है। अदालत से जमानत मिलने के बावजूद एजेंसियां दबाव बनाने में लगी हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब चुप नहीं बैठेगी और सड़क से लेकर विधानसभा व संसद तक संघर्ष करेगी।
कार्यकर्ताओं में नाराजगी, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
घटना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी देखने को मिली। कई कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष के आवास के बाहर जुटते नजर आए। किसी भी तरह की अव्यवस्था को रोकने के लिए पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर रखा है।
प्रशासन का पक्ष
प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियाती कदम उठाए गए हैं।
एसीएम फर्स्ट को सौंपा गया ज्ञापन
इस पूरे घटनाक्रम के बाद मुरादाबाद की राजनीति में माहौल गरमा गया है। जिला अध्यक्ष विनोद गुंबर और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसीएम फर्स्ट को ज्ञापन सौंपते हुए कार्रवाई का विरोध दर्ज कराया।
