बंद व घाटे में चल रहे सिनेमाघरों के पुनर्विकास को मिलेगा बढ़ावा
मुरादाबाद। जिले में नवीन मल्टीप्लेक्स निर्माण एवं सिनेमाघर/मल्टीप्लेक्स के उच्चीकरण के लिए समेकित प्रोत्साहन योजना प्रारंभ की गई है। इस योजना के तहत बंद पड़े और घाटे में चल रहे सिनेमाघरों के पुनर्विकास व आधुनिकीकरण को प्रोत्साहन दिया जाएगा।
कौन कर सकता है आवेदन
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती ममता मालवीय ने बताया कि जिले में बंद पड़े अथवा चालू सिनेमाघरों के स्वामी, लाइसेंसी, प्रबंधक, संचालक या अन्य इच्छुक व्यक्ति, फर्म अथवा कंपनी इस योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
योजना के अंतर्गत क्या-क्या शामिल
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत बंद या घाटे में चल रहे सिनेमाघरों को पूर्ण रूप से तोड़कर उनके स्थान पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त लघु क्षमता के सिनेमा हॉल सहित व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जा सकता है। इसके अलावा पुराने बंद पड़े अथवा संचालित सिनेमाघरों की आंतरिक संरचना में परिवर्तन कर उन्हें पुनः संचालित करने की भी अनुमति दी गई है।
एकल स्क्रीन और न्यूनतम क्षमता का प्रावधान
योजना में बंद पड़े एकल सिनेमाघरों को बिना किसी आंतरिक संरचना में परिवर्तन किए यथास्थिति में पुनः संचालित करने का विकल्प भी शामिल है। साथ ही व्यवसायिक गतिविधियों सहित अथवा रहित न्यूनतम 75 सीट क्षमता के एकल स्क्रीन सिनेमाघर के निर्माण एवं सिनेमाघर/मल्टीप्लेक्स के उच्चीकरण का प्रावधान किया गया है।
जानकारी व सहायता कहां मिलेगी
शासन स्तर से जारी दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी अथवा अन्य सहयोग एवं सहायता के लिए किसी भी कार्य दिवस में कार्यालय सहायक आयुक्त राज्य कर (पूर्व में मनोरंजन कर विभाग), कलेक्ट्रेट परिसर मुरादाबाद में संपर्क किया जा सकता है।
