गेहूं की बुवाई लगभग पूर्ण, छिड़काव कार्य तेज
मुरादाबाद। जनपद में रबी फसलों में गेहूं की बुवाई का कार्य लगभग समाप्ति की ओर है। इसके साथ ही गेहूं की फसल में यूरिया के छिड़काव का कार्य तेजी से किया जा रहा है। किसानों की मांग को देखते हुए जनपद में पर्याप्त मात्रा में यूरिया की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
अब तक 19,872 मीट्रिक टन यूरिया का वितरण
जनपद में कुल 38,711 मीट्रिक टन यूरिया की उपलब्धता कराई गई है, जिसमें से सहकारी एवं निजी उर्वरक बिक्री केंद्रों के माध्यम से अब तक 19,872 मीट्रिक टन यूरिया का वितरण किया जा चुका है। वर्तमान में 18,839 मीट्रिक टन यूरिया अभी भी अवशेष है।

प्रतिदिन सड़क मार्ग से हो रही आपूर्ति
कृषि विभाग के अनुसार प्रतिदिन औसतन 200 मीट्रिक टन यूरिया की आपूर्ति सड़क मार्ग से भी कराई जा रही है। जनपद की लगभग सभी सक्रिय सहकारी समितियों पर यूरिया उपलब्ध है और किसी प्रकार की कमी नहीं है।
निर्धारित दर पर बिक्री के निर्देश
जिलाधिकारी द्वारा जनपद के सभी उर्वरक रिटेलर्स को निर्देश दिए गए हैं कि जोत के आधार पर पीओएस मशीन के माध्यम से निर्धारित दर 266.50 रुपये प्रति बैग पर ही यूरिया की बिक्री सुनिश्चित की जाए।

अनियमितता पर होगी कठोर कार्रवाई
जिला कृषि अधिकारी डॉ. राजेन्द्र पाल सिंह ने बताया कि यदि किसी भी सहकारी या निजी उर्वरक बिक्री केंद्र पर अधिक दर पर उर्वरक बिक्री अथवा टैगिंग की शिकायत पाई जाती है, तो संबंधित विक्रेता के विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के अंतर्गत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
संतुलित उर्वरक प्रयोग की अपील
जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वे कृषि विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारियों एवं कृषि वैज्ञानिकों द्वारा संस्तुत मात्रा के अनुसार ही यूरिया व अन्य उर्वरकों का प्रयोग करें। अधिक मात्रा में उर्वरक का प्रयोग न केवल आर्थिक बोझ बढ़ाता है, बल्कि मृदा स्वास्थ्य को भी नुकसान पहुंचाता है।
शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
यदि किसी भी सहकारी या निजी उर्वरक बिक्री केंद्र पर अधिक दर पर उर्वरक बिक्री या टैगिंग की जा रही हो, तो इसकी सूचना जिला कृषि अधिकारी, मुरादाबाद के मोबाइल नंबर 7839882748 अथवा सहायक आयुक्त एवं निबंधक सहकारिता, मुरादाबाद के मोबाइल नंबर 8868089133 पर दी जा सकती है।
