मुरादाबाद। मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी की अध्यक्षता में बुधवार को जिला क्लस्टर सुविधा इकाई एवं जीआई समिति, मुरादाबाद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि निर्यात को बढ़ावा देने, क्लस्टर निर्माण एवं जीआई उत्पादों के पंजीकरण पर विस्तृत चर्चा की गई।
उ०प्र० कृषि निर्यात नीति 2019 के प्रावधानों की दी गई जानकारी
बैठक में ज्येष्ठ कृषि विपणन निरीक्षक एवं सदस्य सचिव जिला क्लस्टर सुविधा इकाई आशीष कुमार गुप्ता द्वारा उत्तर प्रदेश कृषि निर्यात नीति 2019 के अंतर्गत उपलब्ध समस्त अनुदानों एवं प्रोत्साहनों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही नीति में किए गए नवीन संशोधनों के बारे में भी सदस्यों को अवगत कराया गया।

मुरादाबाद के चिन्हांकित कृषि उत्पादों पर चर्चा
आशीष गुप्ता ने बताया कि कृषि निर्यात नीति के अनुलग्नक-1 (चतुर्थ संशोधन) के अंतर्गत जनपद मुरादाबाद से आम, केला, अमरूद, बासमती चावल, मेंथा, ताजी हरी सब्जियाँ एवं आलू को चिन्हांकित उत्पादों की सूची में शामिल किया गया है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में बासमती चावल के दो क्लस्टर तहसील स्तर पर सत्यापन की प्रक्रिया में हैं।
बासमती क्लस्टर सत्यापन में तेजी लाने के निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी ने बासमती क्लस्टर के सत्यापन की प्रगति जानने के लिए उपजिलाधिकारी बिलारी से दूरभाष पर वार्ता की और शीघ्र सत्यापन कार्य पूर्ण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उद्यान विभाग से संबंधित उत्पादों के लिए भी क्लस्टर निर्माण की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश उद्यान विभाग के कर्मचारियों को दिए गए।
शहद को कृषि निर्यात सूची में शामिल करने का प्रस्ताव
बैठक में फैमिली फार्मर मुरादाबाद एफपीओ के निदेशक आरेन्द्र बडगोती ने सुझाव दिया कि जनपद से शहद को भी अनुलग्नक-1 की सूची में शामिल किया जाए, जिससे शहद का क्लस्टर बनाकर निर्यात को बढ़ावा मिल सके। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने शहद को सूची में सम्मिलित कराने का प्रस्ताव जिला क्लस्टर सुविधा इकाई के माध्यम से शासन को भेजने के निर्देश सदस्य सचिव को दिए।
नए जीआई उत्पादों के पंजीकरण पर जोर
मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद से संभावित नए जीआई उत्पादों के पंजीकरण हेतु सभी संबंधित विभागों से प्रस्ताव आमंत्रित करने के निर्देश दिए। साथ ही पूर्व से पंजीकृत जीआई उत्पाद बासमती के अधिक से अधिक अधिकृत उपयोगकर्ता बनाए जाने पर विशेष बल दिया गया।
कृषि निर्यात से जुड़े पाठ्यक्रमों पर प्रोत्साहन का सुझाव
बैठक में सहायक कृषि विपणन अधिकारी मुरादाबाद मंडल श्री राहुल यादव ने सुझाव दिया कि कृषि निर्यात, पोस्ट हार्वेस्ट प्रबंधन एवं प्रौद्योगिकी से संबंधित डिग्री, डिप्लोमा एवं सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों के लिए दिए जाने वाले प्रोत्साहनों में सरकारी संस्थानों के साथ-साथ निजी संस्थानों को भी सम्मिलित किया जाए। इस सुझाव पर मुख्य विकास अधिकारी ने सहमति व्यक्त करते हुए आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
अधिकारियों एवं एफपीओ प्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
बैठक में उप कृषि निदेशक, उपायुक्त उद्योग, जिला कृषि अधिकारी, सहायक निदेशक मत्स्य, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी, उद्यान विभाग के कर्मचारी तथा समिति के अंतर्गत नामित एफपीओ, निर्यातक एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
