मुरादाबाद। मण्डलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह की अध्यक्षता में कमिश्नरी सभागार में मण्डलीय उद्योग बन्धु समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में औद्योगिक विकास, पर्यावरण संरक्षण, नगरीय स्वच्छता एवं आधारभूत संरचनाओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
डियर पार्क के सौंदर्यीकरण व संचालन पर हुई चर्चा
बैठक में वन विभाग के प्रतिनिधि ने बताया कि डियर पार्क का संचालन पीपीपी मॉडल पर वर्तमान में सम्भव नहीं है। डियर पार्क के सौंदर्यीकरण हेतु 120.40 लाख रुपये की योजना तैयार कर प्रेषित की गई है। मण्डलायुक्त ने योजना का निरूपण कराकर इसे पीपीपी मॉडल पर संचालित कराए जाने के लिए उचित स्तर से अनुमति प्राप्त करने के निर्देश दिए।
रामगंगा व गागन नदी की सफाई पर सख्त निर्देश
मण्डलायुक्त ने उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रतिनिधि को निर्देशित किया कि रामगंगा नदी में कूड़ा-कचरा व अतिक्रमण हटाने तथा चिन्हांकन के संबंध में लिखित रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। साथ ही गागन नदी के किनारे कूड़ा-कचरा व गंदगी के संबंध में सिंचाई विभाग से भी रिपोर्ट मांगी गई।

अवैध भट्ठियों पर कार्रवाई, 56 बंद
प्रदूषण विभाग के प्रतिनिधि ने जानकारी दी कि रामगंगा नदी के किनारे संचालित 56 अवैध भट्ठियों को बंद कराया गया है। मण्डलायुक्त ने इस संबंध में विस्तृत सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
ई-वेस्ट रिसाइक्लिंग व डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण तेज करने के निर्देश
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि ई-वेस्ट रिसाइक्लिंग एवं कलेक्शन को लेकर नियमित रूप से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। मण्डलायुक्त ने ई-वेस्ट रिसाइक्लिंग कलेक्शन, वार्डवार डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण तथा जनजागरूकता अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए।

रामपुर दोराहा जलनिकासी प्रकरण शीघ्र निस्तारण के आदेश
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रामपुर दोराहा क्षेत्र में जलनिकासी हेतु आरसीसी नाले के निर्माण के लिए मुरादाबाद विकास प्राधिकरण से डिजाइन एवं ले-आउट प्लान मांगा गया है। मण्डलायुक्त ने इस प्रकरण को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए।
मण्डलीय उद्योग नीति 2025 पर मंथन
बैठक में मण्डल के सभी जनपदों के उपायुक्त उद्योग द्वारा मण्डलीय उद्योग नीति 2025 पर विस्तृत चर्चा की गई। मण्डलायुक्त ने मण्डल में नए उद्योगों को बढ़ावा देने तथा उद्यमियों को पारम्परिक उद्योगों में निवेश हेतु प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की।

उद्यमी व अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में सचिव मुरादाबाद विकास प्राधिकरण पंकज वर्मा, अधिशासी अभियंता बाढ़ खण्ड राजेश कुमार गंगवार, डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर ब्रिज कॉरपोरेशन शशिकांत, चीफ इंजीनियर विद्युत अशोक कुमार, यूपीसीडा प्रतिनिधि गेसू मौर्या, अधीक्षक अभियंता लोक निर्माण विभाग एसपी सिंह, उपायुक्त उद्योग बिजनौर अमित जुरैल, उपायुक्त उद्योग सम्भल लोकेन्द्र कुमार, सहायक आयुक्त उद्योग निहारिका सहित मण्डल के सभी जनपदों से पांच-पांच उद्यमी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
