मुरादाबाद। शहर में शनिवार रात सत्ता की हनक और नशे की मस्ती ने कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी। मझोला थाना क्षेत्र के बुद्धि बिहार में भाजपा कार्यालय के समीप उस समय अफरातफरी मच गई, जब ‘भाजपा विधायक प्रतिनिधि’ का बोर्ड लगी एक तेज़ रफ्तार महिंद्रा थार अनियंत्रित होकर सड़क पर तांडव करने लगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, थार इतनी तेज़ गति में थी कि मोड़ पर चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। बेकाबू थार ने सड़क किनारे खड़ी दो कारों और एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे के बाद मामला शांत होने के बजाय और बिगड़ गया। थार में सवार करीब पांच युवक कथित तौर पर नशे की हालत में थे। जब स्थानीय लोगों और वाहन मालिकों ने विरोध जताया तो युवकों ने माफी मांगने के बजाय दबंगई दिखानी शुरू कर दी। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज करते हुए पीड़ितों के साथ हाथापाई की और खुद को राजनीतिक रसूख से जुड़ा बताकर धमकाने की कोशिश की।
घटना के चलते इलाके में कुछ देर तक जाम की स्थिति बनी रही और सड़क पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर मझोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह हालात पर काबू पाया। पुलिस ने थार को कब्जे में लेकर युवकों को हिरासत में लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सभी आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। क्षतिग्रस्त वाहनों के मालिकों की तहरीर के आधार पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून के सामने कोई भी रसूख काम नहीं आएगा।
