मुरादाबाद। आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए जनपद मुरादाबाद की सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदेय स्थलों के समायोजन का प्रस्ताव अनुमोदित कर दिया गया है। इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जानकारी दी गई।
जानकारी के अनुसार मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के पत्र दिनांक 21 दिसंबर 2025 तथा भारत निर्वाचन आयोग के पत्र दिनांक 23 दिसंबर 2025 के क्रम में जनपद मुरादाबाद की सभी छह विधानसभा सीटों—कांठ (25), ठाकुरद्वारा (26), मुरादाबाद ग्रामीण (27), मुरादाबाद नगर (28), कुंदरकी (29) एवं बिलारी (30)—में मतदेय स्थलों के पुनर्समायोजन को स्वीकृति प्रदान की गई है।

जारी विवरण के मुताबिक पूर्व में जनपद में कुल 1143 मतदान केंद्र एवं 2511 मतदेय स्थल अनुमोदित थे। समायोजन के बाद वर्तमान में मतदान केंद्रों की संख्या बढ़कर 1148 तथा मतदेय स्थलों की संख्या 2690 हो गई है। इस प्रक्रिया में कुल 5 नए मतदान केंद्र तथा 179 नए मतदेय स्थल बढ़ाए गए हैं।
विधानसभा क्षेत्रवार देखें तो कांठ विधानसभा में 1 मतदान केंद्र एवं 36 मतदेय स्थल, मुरादाबाद नगर में 4 मतदान केंद्र एवं 59 मतदेय स्थल बढ़ाए गए हैं। जबकि ठाकुरद्वारा, मुरादाबाद ग्रामीण, कुंदरकी एवं बिलारी विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केंद्रों की संख्या यथावत रखते हुए मतदेय स्थलों की संख्या में आंशिक वृद्धि की गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाताओं की सुविधा, मतदान प्रक्रिया को सुचारू बनाने तथा भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए यह समायोजन किया गया है। इससे आगामी चुनाव में मतदाताओं को मतदान करने में अधिक सहूलियत मिलेगी।
