मुरादाबाद। मंगलवार देर रात पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह द्वारा क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा के साथ थाना भगतपुर क्षेत्र अंतर्गत पुलिस चौकी नेफा का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मुरादाबाद–काशीपुर बॉर्डर पर विशेष सतर्कता बरतते हुए गैर-जनपद से आने वाले वाहनों की सघन चेकिंग कराई गई।

एसपी ग्रामीण ने बॉर्डर चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों से ड्यूटी व्यवस्था, रजिस्टरों के रखरखाव, आगंतुक पंजिका तथा चेकिंग से संबंधित अभिलेखों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बॉर्डर क्षेत्र होने के कारण यहां विशेष चौकसी बरती जाए और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वाहन को बिना जांच के प्रवेश न करने दिया जाए।

निरीक्षण के दौरान वाहनों की गहन तलाशी ली गई तथा वाहन चालकों से आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। एसपी ग्रामीण ने कहा कि अपराध नियंत्रण, अवैध गतिविधियों पर रोक तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए बॉर्डर चेकिंग को नियमित और प्रभावी रूप से जारी रखा जाए।

उन्होंने रात्रि गश्त को और अधिक सक्रिय करने, आने-जाने वाले वाहनों का रिकॉर्ड रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचित करने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

औचक निरीक्षण से पुलिसकर्मियों में सतर्कता बढ़ी है और बॉर्डर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिली है। पुलिस प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि जांच के दौरान सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें@ZAFAR-INN
