मुरादाबाद।राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 (01 जनवरी से 31 जनवरी) को ‘जीरो फैटेलिटी माह’ के रूप में मनाने के शासनादेश के तहत मुरादाबाद में लगातार जागरूकता और प्रवर्तन की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), मुरादाबाद के नेतृत्व में काशीपुर बस स्टैंड पर बस चालकों के लिए सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एआरटीओ (प्रवर्तन) ने कहा कि घने कोहरे के मद्देनज़र सभी बस चालक गन्ना ढोने वाले वाहनों एवं अन्य भारी वाहनों से पर्याप्त दूरी बनाकर ही वाहन संचालन करें। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को त्वरित इलाज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लागू Cashless Treatment of Road Accident Victims Scheme (CTRAV), 2025 की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद के सभी पंजीकृत राजकीय व निजी चिकित्सालयों तथा दुर्घटना संभावित हॉट-स्पॉट के निकट स्थित अस्पतालों में इस योजना के अंतर्गत पीड़ितों का निःशुल्क इलाज किया जाएगा।

उन्होंने योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए कहा कि इससे सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को समय पर उपचार मिल सकेगा और जान बचाई जा सकेगी। कार्यक्रम के अंत में 35 बस चालकों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई।

इस अवसर पर अमित गुप्ता, मो. साजिद, महेन्द्र त्यागी, कपिल रस्तौगी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।उधर एआरटीओ (प्रवर्तन) मुरादाबाद एवं उनकी टीम द्वारा सिविल लाइन्स क्षेत्र में स्कूल बसों का सघन निरीक्षण अभियान भी चलाया गया। अभियान के दौरान 08 स्कूली वाहनों की जांच की गई, जिनमें से 01 स्कूली वाहन को सड़क सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर चालान किया गया।
