मुरादाबाद। शीतलहर और घने कोहरे के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिले में कक्षा नर्सरी से कक्षा 8 तक के सभी विद्यालयों को 14 जनवरी 2026 तक बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। यह आदेश सरकारी, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, परिषदीय, सीबीएसई, आईसीएसई और मदरसा बोर्ड से संचालित सभी स्कूलों पर लागू होगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुरादाबाद द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद प्रयागराज के निर्देशों के क्रम में यह निर्णय लिया गया है। आदेश में कहा गया है कि अत्यधिक ठंड, शीतलहर और कोहरे के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, जिसे देखते हुए एहतियातन यह कदम उठाया गया है।
स्पष्ट किया गया है कि इस अवधि में किसी भी विद्यालय में कक्षा नर्सरी से कक्षा 8 तक शिक्षण कार्य पूरी तरह से स्थगित रहेगा। आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश सभी संबंधित अधिकारियों और विद्यालय प्रबंधन को दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जिला सूचना अधिकारी को आदेश की व्यापक जानकारी जनसामान्य तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अभिभावकों और छात्रों को किसी प्रकार की असमंजस की स्थिति न रहे।
