मुरादाबाद। अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रहे कथित अत्याचारों को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। मुरादाबाद दौरे के दौरान उन्होंने बांग्लादेश की मौजूदा सत्ता व्यवस्था पर गंभीर आरोप लगाते हुए वहां की सरकार के चीफ एडवाइजर मोहम्मद यूनुस के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की।
डॉ. तोगड़िया ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ लगातार हिंसा, उत्पीड़न और नरसंहार जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन वहां की सरकार आंखें मूंदे बैठी है। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मुद्दा उठाए जाने के बावजूद हालात में कोई सुधार नहीं हो रहा है।
उन्होंने भारत सरकार से निर्णायक हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारतीय सेना को उसी तरह की कार्रवाई के आदेश देने चाहिए, जैसी कार्रवाई हाल ही में अमेरिका द्वारा वेनेजुएला में की गई। तोगड़िया ने कहा कि जैसे अमेरिका वहां से राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को अपने कब्जे में लेकर आया, उसी तर्ज पर भारत को भी बांग्लादेश से मोहम्मद यूनुस को हिरासत में लेकर देश लाना चाहिए।
डॉ. तोगड़िया ने तीखे शब्दों में कहा कि यूनुस को दिल्ली की तिहाड़ जेल में रखा जाना चाहिए, ताकि बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ चल रहे अत्याचारों पर रोक लग सके। उन्होंने यह भी टिप्पणी की कि भारत आकर रहने से यूनुस की सोच में बदलाव आएगा और हालात सुधरेंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी मांग किसी राजनीतिक स्वार्थ से नहीं, बल्कि बांग्लादेश में रहने वाले हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से है। डॉ. तोगड़िया ने कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर पूरा विश्वास है कि वे हिंदुओं की रक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाएंगे।
