मुरादाबाद। जनपद मुरादाबाद में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत आज 6 जनवरी को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया। इस अवसर पर सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय व क्षेत्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची सभी राजनीतिक दलों को उपलब्ध करा दी गई है।
जिला प्रशासन के अनुसार, SIR अभियान से पहले जनपद में कुल 24,69,000 मतदाता पंजीकृत थे। अभियान के दौरान किए गए सत्यापन और जांच के बाद 20,70,000 से अधिक मतदाताओं के फॉर्म डिजिटाइज किए गए। आज जारी की गई ड्राफ्ट सूची में कुल 20,71,844 मतदाता शामिल हैं।

प्रशासन ने बताया कि करीब 1,96,201 मतदाता ‘नो-मैपिंग’ श्रेणी में पाए गए हैं। निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार ऐसे मतदाताओं को नोटिस जारी कर सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।

ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। इसके लिए लगभग एक माह की अवधि तय की गई है। दावा-आपत्ति अवधि समाप्त होने के बाद करीब 20 दिनों के भीतर सभी मामलों का निस्तारण किया जाएगा।

जहां किसी मतदान केंद्र पर मतदाताओं की संख्या 1200 से अधिक पाई गई, वहां नए मतदान केंद्र (बूथ) बनाए गए हैं। नए बूथों की सूची भी राजनीतिक दलों को उपलब्ध करा दी गई है तथा संबंधित बूथों पर मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी अनुज सिंह ने कहा कि पूरी प्रक्रिया पूर्णत: पारदर्शी तरीके से की जा रही है। दावा-आपत्ति अवधि के दौरान तहसील और मुख्यालय स्तर पर राजनीतिक दलों के साथ नियमित बैठकें की जाएंगी और उन्हें समय-समय पर सभी आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराई जाती रहेंगी।
