मुरादाबाद। शीतलहर और घने कोहरे के बीच एक और भयावह सड़क दुर्घटना सामने आई है। जसपुर रोड पर गंज गांव के समीप तेज रफ्तार से गुजर रहे अज्ञात वाहन ने बाइक पर सवार तीन युवकों को कुचल दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर ही दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

बताया जा रहा है कि दुर्घटना देर रात उस समय हुई जब कोहरे के कारण सड़क पर कुछ भी साफ दिखाई नहीं दे रहा था। तीनों युवक बाइक से जा रहे थे, तभी सामने से आए वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से भाग निकला।

सूचना मिलने पर ठाकुरद्वारा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। वहीं, सड़क पर पड़े दोनों शवों को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तीनों युवक एक ही गांव के निवासी बताए जा रहे हैं, जिसमें से एक की पहचान राकेश के रूप में हुई है। जिससे पूरे गांव में शोक का माहौल है।

दुर्घटना के बाद कुछ समय तक जसपुर रोड पर आवागमन बाधित रहा, जिसे पुलिस ने नियंत्रित कर यातायात सुचारु कराया। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है। इस हादसे ने एक बार फिर कोहरे के मौसम में सड़क सुरक्षा और सतर्कता की जरूरत को उजागर कर दिया है।
