मुरादाबाद। मझोला थाना क्षेत्र अंतर्गत मिलन विहार कॉलोनी में देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब मंदिर के पास मामूली कहासुनी देखते ही देखते जानलेवा संघर्ष में बदल गई। विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ युवकों ने धारदार हथियार निकाल लिए और खुलेआम लात-घूंसे चलने लगे। पूरी घटना पास में लगे कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुरुआत में युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, लेकिन कुछ ही मिनटों में हालात बेकाबू हो गए। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक गाली-गलौज करते हुए एक-दूसरे पर हमला करने को दौड़ रहे हैं और धारदार हथियार लहराकर दहशत फैला रहे हैं। इस दौरान मौके पर मौजूद महिलाओं ने बीच-बचाव की कोशिश भी की, लेकिन गुस्से में बेकाबू युवक किसी की सुनने को तैयार नहीं थे।

घटना की सूचना मिलते ही मझोला थाना प्रभारी रविंद्र कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी युवक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके का मुआयना किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। साथ ही, वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित पक्ष से तहरीर प्राप्त होते ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा और वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस ने मिलन विहार और आसपास के क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी है।

पुलिस ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने और कानून को हाथ में लेने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
