मुरादाबाद। कटघर इलाके में बुधवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब रेलवे स्टेशन के पास बने एक अस्थायी खोके से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। कुछ ही पलों में आग ने भयावह रूप धारण कर लिया और पास खड़ी एक स्कूटी भी उसकी चपेट में आकर पूरी तरह जल गई।

आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोग सहम गए। लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची कटघर थाना पुलिस ने क्षेत्र को घेर लिया, जबकि फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
घटना के चलते कुछ समय के लिए इलाके में आवाजाही बाधित रही। राहत की बात यह रही कि आग की इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, मौके का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिससे लोगों के बीच चिंता का माहौल बना हुआ है।

कटघर थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि आग एक खोके में लगी थी और उस वक्त वहां कोई मौजूद नहीं था। स्कूटी के मालिक का भी पता लगाया जा रहा है। आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
प्रशासन की ओर से फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही आग लगने की असली वजह साफ हो सकेगी।
