मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की विकास प्राधिकरण, आवास विकास परिषद, जिला पंचायत एवं नगर निगम में व्याप्त अनियमितताओं पर अंकुश लगाने एवं जांच के लिए गठित समिति ने मुरादाबाद में विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। समिति की अध्यक्षता मा. सभापति कुंवर महराज सिंह ने की। इस दौरान सदस्य विजय बहादुर पाठक, अशोक कटारिया, पवन सिंह चौहान एवं जयपाल सिंह व्यस्त मौजूद रहे।
नगर निगम के अभिनव प्रयासों की सराहना
समिति के सदस्यों ने नगर निगम मुरादाबाद द्वारा आमजन की सुविधा के लिए कराए गए कार्यों की जानकारी नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल से प्राप्त की। नगर क्षेत्र में स्वच्छता कार्यों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर रैंक प्राप्त होने पर समिति ने नगर निगम की प्रशंसा की। साथ ही टैक्स वसूली में सुधार कर निगम की आय बढ़ाने के प्रयासों को भी सराहा गया।

स्वच्छ पेयजल व्यवस्था पर हुई चर्चा
नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता को लेकर नगर आयुक्त ने बताया कि पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच कराई जा रही है। पुरानी आबादी वाले क्षेत्रों में नई पाइपलाइन बिछाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। ओवरहेड टैंकों की वर्ष में दो बार सफाई सुनिश्चित की जा रही है।
पार्क बने आय सृजन का माध्यम
नगर आयुक्त ने निगम क्षेत्र में विकसित पार्कों की जानकारी देते हुए बताया कि ये न केवल जनसुविधा बल्कि आय सृजन का भी महत्वपूर्ण स्रोत हैं।

जिला पंचायत को मार्गों के मेंटेनेंस के निर्देश
समिति अध्यक्ष ने अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत से खाली जमीनों और मार्गों के मेंटेनेंस की स्थिति की जानकारी ली। निर्देश दिए गए कि निर्धारित अवधि में क्षतिग्रस्त मार्गों का रखरखाव कार्यदाई संस्था से सख्ती से कराया जाए।
विकास प्राधिकरण की भूमि पर अवैध कब्जों पर सख्ती
मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की समीक्षा के दौरान समिति सदस्य अशोक कटारिया ने पार्कों की जानकारी ली। सचिव ने हर्बल पार्क, अंबेडकर पार्क और गोविंदपुरम योजना में प्रस्तावित साइंस पार्क के बारे में बताया।

सभापति ने प्राधिकरण की जमीनों पर अवैध कब्जों को गंभीरता से लेते हुए तीन माह के भीतर सीमांकन कर कब्जा प्राप्त करने और प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही बड़ी आवासीय योजनाओं में फायर सेफ्टी और पुलिस चौकी के लिए स्थान निर्धारित करने को कहा।
आवास विकास परिषद की योजनाओं की समीक्षा
उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद के कार्यों की समीक्षा के दौरान समिति सदस्य विजय बहादुर पाठक ने अवैध कब्जों पर कार्रवाई की जानकारी ली। अधिशासी अभियंता ने बताया कि मंझोला योजना संख्या-04 भाग-02 की 19.74 हेक्टेयर भूमि अतिक्रमण से प्रभावित है, जबकि 5.441 हेक्टेयर भूमि न्यायालय में विचाराधीन है। समिति अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि संबंधित अधिकारी लखनऊ में उपस्थित होकर प्रकरण की स्थिति स्पष्ट करें।
नगर निगम के वार्षिक कैलेंडर का विमोचन
इस अवसर पर समिति के सभापति एवं सदस्यों द्वारा नगर निगम मुरादाबाद के वार्षिक कैलेंडर का विमोचन भी किया गया।

ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
कार्यक्रम में महापौर विनोद अग्रवाल, जिलाधिकारी अनुज सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल, मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
