अमरोहा। शहर स्थित प्रसिद्ध बिच्छू वाली दरगाह पर 683वें उर्स का आयोजन पूरे अकीदत और परंपरागत श्रद्धा के साथ किया गया। उर्स में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचे। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के विधायक समरपाल सिंह ने भी दरगाह पर हाजिरी लगाई और देश में अमन-चैन व भाईचारे की दुआ मांगी।
उर्स के मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए सपा विधायक समरपाल सिंह ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। विधायक ने कहा कि किसान अपने हक और साफ पर्यावरण की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी आवाज दबाने के लिए मुकदमों का सहारा ले रही है।
समरपाल सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार उत्तर कोरिया के शासक की तरह काम कर रही है, जहां विरोध की कोई गुंजाइश नहीं छोड़ी जाती। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति को अपराध बना देना सरकार की विफलता का सबसे बड़ा प्रमाण है। किसानों पर दर्ज मुकदमे तत्काल वापस लिए जाने चाहिए।
प्रदूषण के मुद्दे पर सपा विधायक ने धरना दे रहे किसानों को अपना समर्थन देते हुए कहा कि गजरौला और आसपास के इलाकों में फैक्ट्रियों से फैल रहा प्रदूषण आम जनता के स्वास्थ्य और किसानों की फसलों को बर्बाद कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्रियों के संचालक सरकार के नुमाइंदे हैं, इसी वजह से उनके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही।
उन्होंने कहा कि जब किसान दूषित पानी और जहरीली हवा के खिलाफ आवाज उठाते हैं, तो सरकार उन्हें डराने-धमकाने का काम करती है। यह सरकार की किसान-विरोधी और जन-विरोधी नीति को दर्शाता है।
एक्टर शाहरुख खान के सोशल मीडिया पर ट्रोल होने के मामले में प्रतिक्रिया देते हुए विधायक समरपाल सिंह ने कहा कि बांग्लादेशी खिलाड़ी के खिलौने से जुड़े विवाद में शाहरुख खान को जिम्मेदार ठहराना पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा कि बिना तथ्यों के किसी कलाकार को निशाना बनाना दुर्भाग्यपूर्ण है और समाज में नफरत फैलाने का काम करता है।
समरपाल सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी किसानों, मजदूरों और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ती रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए और प्रदूषण पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
उर्स के अवसर पर दरगाह परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता, सपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में अकीदतमंद मौजूद रहे।
