मुरादाबाद। थाना मुंडापांडे क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब फ्लाईओवर के नीचे एक युवक की खून से लथपथ लाश मिली। मृतक की पहचान 35 वर्षीय सुमित उर्फ भूरा के रूप में हुई है। युवक के गले पर किसी धारदार हथियार से वार किए जाने के स्पष्ट निशान मिले हैं, जिससे उसकी निर्मम हत्या की आशंका जताई जा रही है।

परिजनों के अनुसार सुमित कल शाम करीब 4 बजे से लापता था। वह मूल रूप से गणेशघाट का निवासी था, लेकिन पिछले कुछ समय से मुंडापांडे क्षेत्र में रह रहा था। सुबह फ्लाईओवर के नीचे शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और हत्या की आशंका जताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की।

सूचना पर पुलिस अधिकारी और फोरेंसिक टीम तत्काल मौके परयू पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से मुआइना कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इस संबंध में एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं और घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है और पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।

घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं परिजन न्याय की गुहार लगा रहे हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल्स और आपसी रंजिश समेत सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
