मुरादाबाद। सोमवार को मुरादाबाद पहुंचे एनडीए सरकार के वरिष्ठ मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के प्रभारी मंत्री श्री अनिल कुमार ने प्रेस वार्ता कर केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों, योजनाओं और विकास एजेंडे को विस्तार से रखा। उन्होंने कहा कि केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार का साझा संकल्प है कि वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाया जाए, जिसके लिए शहरों के साथ-साथ गांवों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि विकास तभी सार्थक होगा जब उसका लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। इसी उद्देश्य के तहत सरकार बुनियादी सुविधाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूती देने पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अधोसंरचना को सुदृढ़ कर शहरी-ग्रामीण असंतुलन को समाप्त करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
प्रेस वार्ता में मंत्री ने ‘राम जी गारंटी’ का उल्लेख करते हुए कहा कि यह योजना गरीबों, किसानों और मध्यम वर्ग के लिए सुरक्षा, भरोसे और स्थायित्व की गारंटी है। इसके माध्यम से सरकार समाज के हर वर्ग को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि आम जनता को रोजगार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बुनियादी सुविधाएं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाएं।

रोजगार के मुद्दे पर मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए तकनीकी शिक्षा, स्किल डेवलपमेंट और स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रदेश भर में संचालित प्रशिक्षण केंद्रों के माध्यम से युवाओं को आधुनिक तकनीकों से जोड़ा जा रहा है, ताकि वे निजी क्षेत्र के साथ-साथ स्वयं का उद्यम भी स्थापित कर सकें। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं की प्रतिभा को अवसर में बदलने के लिए लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के उद्देश्य से ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए मंत्री ने कहा कि इस योजना से महिलाओं और ग्रामीण युवाओं को रोजगार से जोड़ा जा रहा है। इससे न केवल गांवों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है, बल्कि रोजगार के लिए होने वाले पलायन पर भी प्रभावी रोक लग रही है। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बन रही हैं और गांवों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।

मंत्री अनिल कुमार ने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में मुरादाबाद सहित पूरे उत्तर प्रदेश में विकास और रोजगार को लेकर और भी ठोस एवं जनहितकारी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकारें मिलकर उत्तर प्रदेश को विकास का अग्रणी राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान स्थानीय, कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह, नगर विधायक रितेश गुप्ता, नगर पंचायत अध्यक्ष डॉक्टर शेफाली सिंह, एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त, गोपाल अंजान, मेयर विनोद अग्रवाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष गिरीश भडूला, जिला अध्यक्ष आकाश पाल सहित पार्टी पदाधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।
