मुरादाबाद।जनपद में किसानों को लूटने वाले खाद माफियाओं के खिलाफ पुलिस ने बड़ी और निर्णायक कार्रवाई की है। मुंढापांडे थाना पुलिस और एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) की संयुक्त टीम ने यूरिया खाद की ब्लैक मिलिंग और कालाबाजारी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, जबकि यूरिया खाद से भरे एक ट्रक को मौके से हिरासत में लिया गया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मुंढापांडे थाना क्षेत्र में कुछ लोग सरकारी दरों पर मिलने वाली यूरिया खाद को अवैध रूप से संग्रहित कर किसानों को ऊँचे दामों पर बेचने की साजिश रच रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस और एसओजी की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की और मौके से ब्लैक मिलिंग में लिप्त अभियुक्त को धर दबोचा।

छापेमारी के दौरान यूरिया खाद से भरा ट्रक बरामद किया गया, जिसे अवैध रूप से खपाने की तैयारी की जा रही थी। इस कार्रवाई के बाद खाद माफियाओं में हड़कंप मच गया है। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से किसानों को महंगे दामों पर खाद बेचने की साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया।
पकड़े गए अभियुक्त से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि इस अवैध धंधे के पीछे एक संगठित नेटवर्क काम कर रहा है, जिसकी कड़ियाँ अन्य जिलों तक भी जुड़ी हो सकती हैं। पूरे नेटवर्क को उजागर करने के लिए जांच तेज कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों ने साफ शब्दों में कहा है कि किसानों के हक पर डाका डालने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। खाद की कालाबाजारी और ब्लैक मिलिंग करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त और ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी रहेगी।
