मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश मास्टर्स स्टेट बैडमिंटन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अर्जित करने वाले हेड कांस्टेबल गगन पासवान को मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल द्वारा सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता जनपद बरेली में 09 जनवरी 2026 से 11 जनवरी 2026 तक आयोजित की गई थी, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जनपदों से अनुभवी और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के मेंस डबल्स 35 प्लस वर्ग में हेड कांस्टेबल गगन पासवान ने अनुशासित खेल, तकनीकी दक्षता और उत्कृष्ट तालमेल का परिचय देते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
सम्मान समारोह के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने हेड कांस्टेबल गगन पासवान की प्रशंसा करते हुए कहा कि ड्यूटी के साथ-साथ खेलों में इस तरह की उपलब्धि हासिल करना अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि ऐसे खिलाड़ी पुलिस बल की शारीरिक क्षमता, मानसिक दृढ़ता और अनुशासन का जीवंत उदाहरण होते हैं तथा अन्य पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत बनते हैं।
एसएसपी ने कहा कि पुलिस विभाग कर्मियों को खेल गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित करता है, जिससे वे शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से सशक्त और कर्तव्य निर्वहन में और अधिक प्रभावी बन सकें। उन्होंने हेड कांस्टेबल गगन पासवान को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि वे आगे भी इसी तरह विभाग और जनपद का नाम रोशन करते रहेंगे।
इस अवसर पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी हेड कांस्टेबल गगन पासवान को बधाई दी और उनके निरंतर सफल प्रदर्शन की कामना की।
