मुरादाबाद। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह-2026 को ‘जीरो फेटेलिटी माह’ के रूप में मनाए जाने के निर्देशों के क्रम में मुरादाबाद में परिवहन विभाग द्वारा सघन प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दर्जनों वाहनों के चालान किए गए।
मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन एवं परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश द्वारा जारी निर्देशों के अनुपालन में सड़क सुरक्षा प्रकोष्ठ, लखनऊ के पत्र के आधार पर दिनांक 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) मुरादाबाद आनंद निर्मल के नेतृत्व में प्रवर्तन टीम ने विभिन्न स्थानों पर जांच अभियान चलाया।

प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग न करने के मामलों में 52 चालान किए गए। इसके साथ ही बिना एचएसआरपी (हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट) लगे वाहनों के संचालन पर भी सख्ती दिखाई गई। नियमों का उल्लंघन कर रहे 15 वाहनों के विरुद्ध दिल्ली रोड, टोल रोड सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर चालान की कार्रवाई की गई।
अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करते हुए स्पष्ट किया कि सीट बेल्ट और वैध पंजीकरण प्लेट केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में जान बचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

संभागीय परिवहन कार्यालय, मुरादाबाद ने आमजन से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। ‘जीरो फेटेलिटी’ के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रशासन, विभाग और नागरिकों का सामूहिक सहयोग आवश्यक है।
