मुरादाबाद।जनपद में अपराध नियंत्रण की दिशा में मुरादाबाद पुलिस को एक अहम सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत थाना गलशहीद पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं।
पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व तथा क्षेत्राधिकारी कटघर के पर्यवेक्षण में थाना गलशहीद पुलिस टीम ने 14 जनवरी 2026 को गश्त और अपराध की रोकथाम के दौरान कार्रवाई करते हुए अभियुक्त मोहम्मद सादाब और बिलाल को गिरफ्तार किया। पकड़े गए दोनों अभियुक्त मुरादाबाद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सक्रिय रूप से वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने खुलासा किया कि वे थाना गलशहीद और थाना कटघर क्षेत्र से दिन और रात के समय मोटरसाइकिलें चोरी कर उन्हें बेचने का प्रयास करते थे। अभियुक्त बिलाल मोटरसाइकिल मैकेनिक है, जो बिक न पाने वाली चोरी की मोटरसाइकिलों के पुर्जे निकालकर अन्य वाहनों में लगाकर अवैध लाभ कमाता था। चोरी से प्राप्त धनराशि दोनों आरोपी आपस में बांट लेते थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से बरामद मोटरसाइकिलों में
HF डिलक्स (UP21 BZ 7422),पैशन प्रो (UP21 AW 1087),HF डिलक्स (UP21 CW 8212)शामिल हैं, जिन्हें विभिन्न स्थानों से चोरी किया गया था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। अभियुक्त मोहम्मद सादाब और बिलाल दोनों के खिलाफ गलशहीद और कटघर थानों में चोरी से संबंधित अनेक अभियोग पंजीकृत हैं। इनके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना गलशहीद के थानाध्यक्ष पवन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में वाहन चोरी और संगठित अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
