मुरादाबाद। प्रदेश के गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय की परीक्षाएं शुक्रवार, 16 जनवरी से पूरे प्रदेश में कड़े सुरक्षा और निगरानी इंतजामों के बीच प्रारंभ हो रही हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने नकलविहीन, पारदर्शी एवं शुचितापूर्ण परीक्षा संपन्न कराने के लिए अभूतपूर्व व्यवस्थाएं की हैं। यह जानकारी गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में कुलपति प्रो. सचिन माहेश्वरी ने दी।
कुलपति प्रो. माहेश्वरी ने दो टूक शब्दों में कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही या नकल को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि किसी भी परीक्षा केंद्र पर नकल या अनुचित गतिविधि पाई गई, तो संबंधित सेंटर इंचार्ज, महाविद्यालय प्राचार्य सहित सभी जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी 158 परीक्षा केंद्रों को शासन के निर्देशों से अवगत करा दिया गया है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र को नजदीकी थाना एवं चौकी के संपर्क नंबर उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। इसके अतिरिक्त कुलपति प्रो. सचिन माहेश्वरी, कुलसचिव गिरीश द्विवेदी एवं परीक्षा नियंत्रक अमृत लाल के व्यक्तिगत मोबाइल नंबर भी कमांड सेंटर की तरह सक्रिय रहेंगे।
कुलपति ने यह भी स्पष्ट किया कि परीक्षा अवधि के दौरान वे स्वयं किसी भी परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण कर सकते हैं, जिससे परीक्षा की निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनी रहे। उन्होंने परीक्षा संचालन में सहयोग देने के लिए सभी संबद्ध महाविद्यालयों का आभार व्यक्त किया।
कुलपति ने एडमिट कार्ड को लेकर फैलाई जा रही भ्रामक खबरों का खंडन करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय की वेबसाइट से प्रवेश पत्र डाउनलोड न होने की कोई शिकायत उनके संज्ञान में नहीं आई है। यह खबर पूरी तरह से निराधार और गलत है।उन्होंने यह भी बताया कि कुछ छात्रों द्वारा साइबर कैफे से फॉर्म भरते समय गलत मोबाइल नंबर दर्ज करने की शिकायत सामने आई है। ऐसे मामलों में ओटीपी उसी मोबाइल नंबर पर जाएगा, जो फॉर्म में दर्ज किया गया है। विद्यार्थी संबंधित नंबर से ओटीपी प्राप्त कर आसानी से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
अंत में विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों से समय रहते प्रवेश पत्र डाउनलोड करने और नकलमुक्त परीक्षा में पूर्ण सहयोग देने की अपील की है, ताकि परीक्षाएं शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सफलतापूर्वक संपन्न हो
