मुरादाबाद। जनपद के ठाकुरद्वारा थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक न्यायिक कर्मचारी ने आत्महत्या कर ली। शनिवार सुबह परिजनों ने युवक का शव कमरे के भीतर फंदे से लटका देखा, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
गांव करनावाला खास निवासी 28 वर्षीय मोहित कुमार, पुत्र मुनेश, ठाकुरद्वारा स्थित जेएम कोर्ट में क्लर्क के पद पर तैनात थे। बताया जा रहा है कि वह काफी समय से मानसिक तनाव में थे। मोहित का अपनी पत्नी के साथ तलाक का मामला न्यायालय में विचाराधीन था, जिसे लेकर वह परेशान रहते थे।
परिजनों के अनुसार मोहित की शादी करीब दो वर्ष पूर्व अनीता, पुत्री महावीर, निवासी गांव लम्बिया (गजरौला के पास) से हुई थी। शादी के कुछ ही समय बाद पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया और विवाह के लगभग सवा महीने बाद ही पत्नी मायके चली गई। इसके बाद से दोनों के बीच तलाक को लेकर कानूनी प्रक्रिया चल रही थी।
शुक्रवार रात मोहित ने परिवार के साथ भोजन किया और अपने कमरे में सोने चला गया। शनिवार सुबह जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने अंदर जाकर देखा। कमरे में छत पर लगे हुक से दुपट्टे के सहारे उनका शव लटका मिला।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक के परिवार में मां कुसुम देवी, बड़ा भाई सोहित और बड़ी बहन पूजा हैं। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
