मुरादाबाद। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के तहत जनपद मुरादाबाद में यातायात नियमों के पालन को लेकर परिवहन विभाग द्वारा सघन अभियान चलाया गया। उत्तर प्रदेश शासन एवं परिवहन आयुक्त के निर्देशों के क्रम में यह अभियान 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक जीरो फेटेलिटी माह के रूप में मनाया जा रहा है।
मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन तथा परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश द्वारा जारी आदेशों के अनुपालन में सोमवार को यात्री/मालकर अधिकारी मुरादाबाद नरेंद्र सिंह छाबड़ा के नेतृत्व में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने और बिना एचएसआरपी नंबर प्लेट लगे वाहनों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट न पहनने (चालक एवं पीछे बैठी सवारी दोनों) के मामलों में कुल 18 चालान किए गए। इसके साथ ही बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) लगे वाहनों के संचालन पर 5 वाहनों के चालान किए गए।
परिवहन विभाग की टीम ने मौके पर मौजूद सभी दोपहिया वाहन चालकों से अपील की कि वे स्वयं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बिना हेलमेट वाहन न चलाएं तथा पीछे बैठने वाली सवारी को भी अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनाएं। साथ ही, वाहन मालिकों को निर्देश दिए गए कि वे केवल एचएसआरपी नंबर प्लेट लगे वाहनों का ही संचालन करें।
अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान पूरे माह लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।
