मुरादाबाद।थाना पाकबड़ा क्षेत्र के गांव ऊमरी में हुए युवक-युवती की दोहरी हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए मृत युवती काजल के दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रेम संबंधों से नाराज होकर आरोपियों ने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार 21 जनवरी को ग्राम ऊमरी निवासी हनीफ पुत्र रशीद अहमद ने थाना पाकबड़ा में तहरीर देकर बताया कि उसके पुत्र अरमान की हत्या कर शव को छिपा दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा संख्या 18/2026 धारा 103(1) व 238 बीएनएस के अंतर्गत राजाराम, सतीश सैनी और रिंकू सैनी के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी हाईवे के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बुधवार को नामित अभियुक्त सतीश सैनी और रिंकू सैनी पुत्रगण गनपत सैनी निवासी ग्राम ऊमरी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार दोनों आरोपी मृत युवती काजल के सगे भाई हैं, जबकि तीसरा आरोपी राजाराम फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि मुस्लिम युवक अरमान पुत्र हनीफ का उनकी बहन काजल से प्रेम संबंध था, जिससे वे मानसिक रूप से आहत थे। समाज में बदनामी के डर और पारिवारिक प्रतिष्ठा का हवाला देते हुए तीनों ने मिलकर दोनों की हत्या की साजिश रची। 18 जनवरी की रात करीब 11 बजे आरोपियों ने फावड़े से हमला कर अरमान और काजल की निर्मम हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपियों ने दोनों शवों को प्लास्टिक के कट्टों में भरकर चादर में लपेटा और मोटरसाइकिल से गांव के जंगल की ओर ले गए। वहां गागन नदी के किनारे गड्ढा खोदकर शवों को दफना दिया गया, ताकि पुलिस को कोई सुराग न मिले।
पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। घटना के खुलासे से क्षेत्र में भारी रोष और सनसनी का माहौल है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और इस तरह के जघन्य अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
