मुरादाबाद। मुरादाबाद के सांस्कृतिक इतिहास में एक नया अध्याय उस समय जुड़ गया, जब शहर में पहली बार उदीषा चौपाला साहित्योत्सव का भव्य उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह में मंडल आयुक्त आञ्जनेय कुमार सिंह, नगर विधायक रितेश गुप्ता, मेयर विनोद अग्रवाल, जिलाधिकारी अनुज कुमार सिंह, डीआईजी रेंज जी मनिराज, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल, नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम की गरिमा उस समय और बढ़ गई, जब प्रसिद्ध अभिनेता आशुतोष राणा ने अपनी उपस्थिति से आयोजन को विशेष सम्मान प्रदान किया।

यह पांच दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव 22 जनवरी से 26 जनवरी 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। इसमें देश के विभिन्न राज्यों से आए नामचीन कलाकार अपनी लोककला, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और संगीत के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे।

महोत्सव की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि आयोजन स्थल पर कई आकर्षक स्टेज बनाए गए हैं। इन स्टेजों पर अलग-अलग समय पर लोकगायन परंपरा, शास्त्रीय एवं लोक नृत्य, सांस्कृतिक नाट्य प्रस्तुतियां और संगीतमय कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे दर्शकों को एक ही स्थान पर विविध सांस्कृतिक रंगों का अनुभव प्राप्त हो रहा है।

इस भव्य आयोजन का आयोजन नगर निगम मुरादाबाद द्वारा किया जा रहा है। इसका उद्देश्य सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देना और लोक कलाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करना है।

उद्घाटन अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक महोत्सव न केवल लोक कलाओं के संरक्षण में सहायक होते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का भी कार्य करते हैं।

उदीषा चौपाला साहित्योत्सव के आयोजन से मुरादाबाद को एक नई सांस्कृतिक पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। बड़ी संख्या में शहरवासियों की उपस्थिति ने यह साबित कर दिया कि मुरादाबाद की जनता कला और संस्कृति के प्रति गहरी रुचि रखती है।

यह महोत्सव मुरादाबाद के सांस्कृतिक कैलेंडर में एक यादगार आयोजन के रूप में दर्ज होने जा रहा है।

पद्मश्री सुदर्शन पटनायक जी
उदीषा साहित्योत्सव में पद्मश्री से सम्मानित, विश्वप्रसिद्ध रेत कलाकार सुदर्शन पटनायक की रेत कला विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

गुलाम अब्बास खां, मंडलायुक्त आञ्जनेय कुमार सिंह और अंजुम शर्मा की स्टेज उपस्थिति में गुलाम अब्बास खां के ….तोरे नैना रसीले हैं जादू भरे…….के साथ मुरादाबाद के संगीत घराने पर आधारित सत्र की शुरुआत शानदार तरीके से हुई। बड़ी संख्या में मौजूद दर्शकों ने इस सत्र का आनंद उठाया।
