मुरादाबाद। भोजपुर थाना क्षेत्र में खेत की मेड़ पर लगे पोपलर के पेड़ों को काटने को लेकर हुआ विवाद हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। इस मामले में एक महिला ने थाना भोजपुर में तहरीर देकर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता के अनुसार अभियुक्तों ने न सिर्फ गाली-गलौच की, बल्कि उसके पति और पुत्र पर जान से मारने की नीयत से फावड़े व डंडों से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि अभियुक्तगण खेत की मेड़ पर लगे पोपलर के पेड़ काट रहे थे। जब उसने और उसके परिवार ने इसका विरोध किया तो आरोपी आक्रोशित हो गए और गाली-गलौच करते हुए हमला बोल दिया। आरोप है कि आरोपियों ने उसके पति और बेटे के सिर पर फावड़े और डंडों से वार किए, जिससे दोनों को गंभीर चोटें आईं। इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना भोजपुर पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अजीत सिंह को सौंपी गई। विवेचना के दौरान उपनिरीक्षक अजीत सिंह ने पुलिस बल के साथ कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सूरजपाल पुत्र रामभरोसे, निवासी ग्राम खानपुर, थाना भोजपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनके खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी भोजपुर ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में पुलिस सतर्क है और मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है@ZAFAR-INN
