मुरादाबाद। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण द्वारा शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण क्षेत्र से आए फरियादियों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना गया। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में नागरिक अपनी-अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे, जिन पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान प्राप्त सभी जन शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के लिए संबंधित थाना प्रभारियों एवं अधिकारियों को आदेशित किया गया। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े।

इस अवसर पर उनके द्वारा ग्रामीण क्षेत्र के समस्त थाना प्रभारियों को जनसुनवाई और महिला हेल्पडेस्क को और अधिक प्रभावशाली बनाने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि पीड़ित अथवा शिकायतकर्ता को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए पुलिस कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का समाधान अधिकतर थाना स्तर पर ही किया जाए।

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन मामलों का निस्तारण थाना स्तर से संभव है, उनका समाधान वहीं समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि जनता से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता बरती जाए और शिकायतकर्ताओं के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए।
