मुरादाबाद।भारतीय जनता पार्टी के कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह द्वारा जनसेवा, जनकल्याण और जनसशक्तिकरण की भावना को सशक्त करते हुए ब्लॉक सभागार मुंढापांडे (दलपतपुर) में एक भव्य कार्यकर्ता सम्मान एवं ट्रैक सूट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र के मंडल दलपतपुर के सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं को ट्रैक सूट वितरित कर उनका सम्मान किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने कहा कि पार्टी की असली ताकत उसके जमीनी कार्यकर्ता हैं, जो हर परिस्थिति में संगठन और सरकार की नीतियों को जनता तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा “सबका साथ, सबका विकास” के मंत्र पर चलते हुए समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

विधायक ने आगे कहा कि कार्यकर्ताओं का सम्मान करना केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि उनके त्याग, समर्पण और परिश्रम के प्रति आभार व्यक्त करने का माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी समय में संगठन को और अधिक मजबूत करने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। ट्रैक सूट वितरण के साथ-साथ संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों और जनसेवा से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने विधायक द्वारा किए गए इस सम्मान कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे मनोबल बढ़ाने वाला कदम बताया।

कार्यक्रम शांतिपूर्ण और अनुशासित माहौल में संपन्न हुआ। आयोजन में मंडल पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में भाजपा समर्थक मौजूद रहे।
