ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब एक बारात पर दबंगों के समूह ने अचानक जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने पहले अंधाधुंध 20 राउंड फायरिंग की और फिर लाठी-डंडों व फरसों से बारातियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस हमले में 10 बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां सभी का इलाज ICU में चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना इतनी अचानक और भयावह थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग की आवाज सुनकर बाराती इधर-उधर भागने लगे, लेकिन हमलावरों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया और बेरहमी से हमला किया। घटना दनकौर थाना क्षेत्र के जगनपुर गांव की है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, कई घायलों को सिर, हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं, कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और हमले में शामिल आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
