मुरादाबाद। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को मुरादाबाद में नागरिकों को आपात परिस्थितियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा ब्लैकआउट मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। यह अभ्यास जिलाधिकारी एवं नियंत्रक नागरिक सुरक्षा की अध्यक्षता में एम.आई.टी. इंस्टीट्यूट, रामगंगा विहार में संपन्न हुआ।

मॉकड्रिल का उद्देश्य हवाई हमले जैसी आपात स्थितियों में नागरिकों को सतर्क करना और उन्हें सुरक्षा के जरूरी उपायों की व्यावहारिक जानकारी देना रहा। अभ्यास के दौरान पहले खतरे की चेतावनी के रूप में सायरन बजाया गया, जिस पर लोगों ने निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने का अभ्यास किया। इसके बाद खतरा टलने का संकेत देकर शैल्टर से बाहर निकलने की प्रक्रिया दिखाई गई।
ड्रिल में नागरिक सुरक्षा विभाग के साथ अग्निशमन, चिकित्सा, विद्युत विभाग, एसडीआरएफ, एनसीसी एवं आपदा मित्रों ने सक्रिय सहभागिता की। इस दौरान आग लगने की स्थिति पर नियंत्रण, धुएं से घिरे कमरों से लोगों को सुरक्षित निकालने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने और एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने का भी अभ्यास कराया गया।
जिलाधिकारी ने मॉकड्रिल के सफल आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभ्यास आपातकाल में जान-माल के नुकसान को कम करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
