संभल। जनपद संभल के गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र से पुलिस विभाग को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां तैनात सिपाही आशीष कुमार ने कोतवाली परिसर में बने अपने सरकारी आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार सिपाही आशीष कुमार गुन्नौर कोतवाली में बने सरकारी बैरक में रह रहा था। सुबह जब वह काफी देर तक बाहर नहीं निकला और फोन पर भी संपर्क नहीं हो सका, तो सहकर्मियों को शक हुआ। इसके बाद जब कमरे का दरवाजा खोलकर देखा गया तो सिपाही का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। प्रारंभिक जांच में मौके पर ही उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के कारणों की स्पष्ट पुष्टि हो सके।
मृतक सिपाही आशीष कुमार जनपद शाहजहांपुर का निवासी बताया जा रहा है। फिलहाल आत्महत्या के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है। सिपाही के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
इस दुखद घटना के बाद गुन्नौर कोतवाली परिसर में शोक का माहौल है। पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी घटना से स्तब्ध हैं। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा पूरे मामले की गंभीरता से जांच के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
