पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले में गणतंत्र दिवस से पहले एक बड़ी साजिश का खुलासा हुआ है। यहां रेलवे ट्रैक को निशाना बनाकर विस्फोट किया गया, जिससे मालगाड़ी का इंजन क्षतिग्रस्त हो गया और उसका चालक घायल हो गया।
यह धमाका सरहिंद क्षेत्र के खानपुर इलाके में रेलवे लाइन पर रात करीब 10 बजे हुआ। सूत्रों के मुताबिक, जिस समय विस्फोट हुआ, उसी दौरान एक मालगाड़ी वहां से गुजर रही थी। जैसे ही मालगाड़ी का इंजन खानपुर फाटक के पास पहुंचा, अचानक जोरदार धमाका हो गया।
धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि रेलवे ट्रैक का लगभग 12 फीट हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना में मालगाड़ी के इंजन चालक को चोटें आई हैं, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गणतंत्र दिवस से ठीक पहले हुए इस विस्फोट से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पूरे क्षेत्र में पुलिस व सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि विस्फोट के पीछे किसका हाथ है और क्या यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा था।
