मुरादाबाद।सर्किट हाउस मुरादाबाद के सभागार में जिला स्तरीय विकास कार्य अनुश्रवण समिति की द्वितीय बैठक सदस्य विधान परिषद उत्तर प्रदेश डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त की अध्यक्षता में आहूत की गई। बैठक में विकास कार्यों की प्रगति, विभागीय लापरवाही और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर गहन समीक्षा की गई।
समिति के अध्यक्ष डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त ने पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की विभागवार समीक्षा करते हुए आधी-अधूरी अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने पर नाराज़गी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी बिंदुओं पर पूर्ण, तथ्यपरक और अद्यतन आख्या तत्काल उपलब्ध कराई जाए, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।
सड़क, बिजली और बुनियादी सुविधाओं पर फोकस
बैठक में समिति के अध्यक्ष एवं विधायक कुन्दरकी रामवीर सिंह द्वारा पीतल बस्ती से खरगपुर बाजे तक लगभग 3.5 मीटर अवशेष सड़क को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही कुन्दरकी विधानसभा क्षेत्र में विद्युत विभाग के अवर अभियंता एवं एसडीओ के बिजली घर पर बैठने के दिन निर्धारित कर उन्हें स्पष्ट रूप से चस्पा कराने के निर्देश भी दिए गए, ताकि आम जनता को सुविधा मिल सके।

विधायक बिलारी मौ. फहीम इरफान ने नई सड़कों के प्रस्ताव मांगे जाने का अनुरोध किया और अटल आवासीय विद्यालय पीपली तक जाने वाले मुख्य मार्ग (जरगांव की ओर से लगभग 02 किलोमीटर) सड़क निर्माण शीघ्र कराए जाने की मांग रखी। उन्होंने बिलारी क्षेत्र में मंडी समिति के निर्माण कार्य को भी तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए।
हाईमास्ट लाइट और बिजली व्यवस्था पर सवाल
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने विधायक निधि के अंतर्गत लगने वाली हाईमास्ट लाइट के लिए वसूली जा रही ₹5000 से ₹7000 की धनराशि पर सवाल उठाते हुए कहा कि अन्य जनपदों में ऐसी कोई राशि नहीं ली जा रही है। इस मामले में जांच कराने का अनुरोध किया गया। साथ ही हाईमास्ट लाइट लगाने हेतु द्वितीय किश्त जारी करने में हो रहे अनावश्यक विलंब को समाप्त करने के निर्देश दिए गए।

विधायक ठाकुरद्वारा नवाब जान खां ने विद्युत विभाग में तैनात संविदा कर्मियों को उसी क्षेत्र में तैनात किए जाने को भ्रष्टाचार का कारण बताते हुए, उन्हें पास के अन्य उपकेंद्रों में स्थानांतरित करने का प्रस्ताव रखा।
नगर निगम के कार्यों की सराहना, सुरक्षा पर जोर
बैठक में महापौर विनोद अग्रवाल ने लाइन पार क्षेत्र में सीएम ग्रिड योजना के अंतर्गत अंडरग्राउंड कराए जा रहे विद्युत तारों के कार्य को समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
इसके साथ ही जल निगम द्वारा उखाड़ी गई सड़कों को तत्काल पुनः दुरुस्त कराने के भी निर्देश दिए गए।
समिति ने नगर निगम मुरादाबाद द्वारा कराए गए विकास कार्यों की सराहना की। वहीं उदीषा चैपाला साहित्यिक महोत्सव के सफल आयोजन के लिए मंडलायुक्त मुरादाबाद एवं महापौर मुरादाबाद को बधाई देते हुए प्रशंसा की गई।

बैठक में रहे ये प्रमुख जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित
बैठक में सदस्य विधान परिषद रामगोपाल उर्फ गोपाल अन्जान, महापौर विनोद अग्रवाल, विधायक कुन्दरकी रामवीर सिंह, विधायक ठाकुरद्वारा नवाब जान खां, विधायक बिलारी मौ. फहीम इरफान, विधायक कांठ कमाल अख्तर, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, उपायुक्त श्रम रोजगार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारीगण, जिला पंचायत सदस्य, ब्लॉक प्रमुख एवं नामित ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।
